सिकंदराराऊ (हसायन) 16 मार्च । कस्बा के नगला रति मार्ग स्थित मोहल्ला अहीरान स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर सोमवार, 16 मार्च को ‘हाई रिस्क प्रेग्नेंसी’ (HRP) दिवस के अवसर पर विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। केंद्र व राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया।
65 महिलाओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अंकुश सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस शिविर में कुल 65 गर्भवती महिलाओं ने अपना पंजीकरण कराया। महिला चिकित्सक की अनुपस्थिति में स्टाफ नर्स दीक्षा सिंह, ममता, दीक्षा, आरती और परिवार कल्याण परामर्शदात्री डिंपल ने महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान 5 महिलाओं को ‘हाई रिस्क प्रेग्नेंसी’ (उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था) श्रेणी में चिन्हित किया गया, जिन्हें विशेष देखभाल की सलाह दी गई है।
निःशुल्क अल्ट्रासाउंड और लैब जांच की सुविधा
प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित योजना के अंतर्गत शिविर में आई महिलाओं की एचआईवी, हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, बीपी, वजन और हाइट सहित अन्य महत्वपूर्ण पैथोलॉजी जांचें मुफ्त की गईं। शासन के आदेशानुसार, 32 गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा का लाभ दिया गया। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्र द्वारा अधिकृत सिकंदराराऊ के निजी अस्पताल में इन महिलाओं को भेजा गया।
प्रथम बार गर्भधारण करने वाली महिलाओं की भी हुई जांच
शिविर में 11 ऐसी महिलाएं भी शामिल हुईं जिन्होंने प्रथम बार गर्भ धारण किया है और तीन माह के अंतराल में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लेने और समय-समय पर जांच कराते रहने के लिए प्रेरित किया।

























