Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 मार्च । गवर्नमेंट पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन पुष्पांजलि गेस्ट हाउस, मुरसान गेट पर संस्था के अध्यक्ष अमृत सिंह पोनिया की अध्यक्षता एवं वासुदेव उपाध्याय के संचालन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ कोषाधिकारी आशुतोष कुमार रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदा के छवि चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके उपरांत श्री चंद गौतम द्वारा मां शारदा की वंदना प्रस्तुत की गई।कार्यक्रम में मंचासीन महामंत्री भंवर सिंह पौरुष, कोषाध्यक्ष राजकुमार पचौरी, दास विजेंद्र सिंह, जी.के. महेश्वरी, आशु कवि अनिल बोहरे (राष्ट्रीय संयुक्त सचिव, बृजकला केंद्र), बृजकला केंद्र अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य, रूपराम शर्मा, राम कन्हैया, श्याम बाबू चिंतन सहित अनेक वरिष्ठ गणमान्यजन उपस्थित रहे। महामंत्री भंवर सिंह पौरुष ने गत बैठक की कार्रवाई पढ़कर सुनाई, जिसकी सर्वसम्मति से पुष्टि की गई। कार्यक्रम में साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से वातावरण को सरस बना दिया। आशु कवि अनिल बोहरे ने अपनी हास्य रचना से खूब तालियां बटोरी।

विशिष्ट अतिथि के रूप में बृजकला केंद्र अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने काव्य पाठ करते हुए कहा कि अनुभव की छांव में जीवन का हर रंग निखर जाता है, जो समाज को दिशा दे वही उम्र का असली सम्मान कहलाता है।” इसके अतिरिक्त रामजीलाल शिक्षक, श्याम बाबू चिंतन, प्रभुदयाल प्रभु, वासुदेव उपाध्याय, रूपराम शर्मा, जीवनलाल शर्मा, क्रिटो भटनागर, दास विजेंद्र सिंह सहित अनेक कवियों ने काव्य पाठ प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ कोषाधिकारी आशुतोष कुमार ने पेंशनर्स की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया तथा जिन पेंशनर्स के मेडिकल कैशलेस कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें तत्काल आवेदन करने की सलाह दी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने होली की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम के अंत में इस वर्ष दिवंगत हुए पेंशनर साथियों की आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखा गया। अंत में अध्यक्ष अमृत सिंह पोनिया ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page