
सासनी 16 मार्च । माध्यमिक शिक्षा विभाग अलीगढ़ मंडल के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के मध्य आयोजित “गुरु गौरव कप 2026” मंडलीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला सोमवार को सासनी स्थित के.एल. जैन इंटर कॉलेज के मैदान पर बेहद रोमांचक माहौल में खेला गया। फाइनल में हाथरस एलाइट की टीम ने अलीगढ़ स्कॉलर्स को अंतिम ओवर में हराकर गुरु गौरव कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में अलीगढ़ मंडल के चारों जिलों अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का आयोजन अलीगढ़ मंडल के वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें विशेष रूप से संयुक्त शिक्षा निदेशक अलीगढ़ मंडल मनोज कुमार गिरी का संरक्षण प्राप्त हुआ। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक हाथरस संत प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक अलीगढ़ डॉ. पूरन सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक एटा डॉ. इन्द्रजीत तथा जिला विद्यालय निरीक्षक कासगंज जगदीश प्रसाद शुक्ल का भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा।
फाइनल मैच से पूर्व मुख्य अतिथि ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। फाइनल मुकाबला हाथरस एलाइट और अलीगढ़ स्कॉलर्स के बीच खेला गया। अलीगढ़ स्कॉलर्स के कप्तान डॉ. ललित तलान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। अलीगढ़ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए। ओपनिंग करते हुए डॉ. ललित तलान और आशीष चौहान ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। डॉ. ललित तलान ने 41 गेंदों में 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 44 रन बनाए, जबकि सतीश सोलंकी ने 23 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की सहायता से 35 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। हाथरस की ओर से विकास तिवारी, विकास और कुबेर सिंह ने दो-दो विकेट प्राप्त किए। 149 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हाथरस की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और गोपाल यादव तथा सुरेंद्र सिंह यादव के विकेट 15 रनों के अंतराल पर गिर गए। 88 रन तक टीम के पांच विकेट गिर चुके थे, लेकिन कप्तान मानवेंद्र सिंह ने एक छोर संभाले रखा। मुकाबला उस समय रोमांचक हो गया जब हाथरस को अंतिम 18 गेंदों में 21 रन की जरूरत थी। दर्शकों की धड़कनें बढ़ा देने वाले इस मुकाबले में आखिरकार अंतिम ओवर में हाथरस ने लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया—
- मैन ऑफ द मैच – विकास तिवारी (हाथरस)
- बेस्ट फील्डर – अंबुज जैन (हाथरस)
- बेस्ट गेंदबाज – विकास (हाथरस)
- बेस्ट बल्लेबाज – आशीष चौधरी (अलीगढ़)
- मैन ऑफ द सीरीज – आशीष चौधरी (अलीगढ़)
कार्यक्रम में के.एल. जैन इंटर कॉलेज सासनी के प्रबंधक विवेक जैन, उप प्रबंधक अंजय कुमार जैन, विष्णु कुमार शर्मा, संजय उपाध्याय, डॉ. विकास सिंह (डायरेक्टर एसबीएस यूनियन स्कूल), विवेक उपाध्याय (जिलाध्यक्ष कांग्रेस हाथरस), विकास शर्मा (डायरेक्टर फोकस ग्रुप), गजेंद्र चाहर (संस्थापक निदेशक तपोवन फूड्स प्रा. लि.), निर्देश चंद्र वार्ष्णेय, कृष्ण कांत वार्ष्णेय, विजय कुमार शर्मा (डायरेक्टर वीके ट्रैवल्स), हेमंत सेंगर (डायरेक्टर हरिहरंता ग्रुप), करुण प्रकाश शर्मा (मंडलीय खेल सचिव), अतुल कुमार वर्मा (जिला खेल सचिव), नीति सिंह (मंडलीय खेल सचिव बालिका), डॉ. दिलीप कुमार आमोरिया, कुंवर पाल सिंह (प्रधानाचार्य), डॉ. सौरभ जैन (प्रधानाचार्य), लाखन सिंह, डॉ. मनोज शर्मा, डॉ. दीपक जैन, डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे। आयोजन मंडल से भानु प्रताप सिंह, विकास कौशिक, अंबुज जैन, रामगोपाल यादव, सुनील शर्मा, संजय सेंगर, आशीष भार्गव, मनोज जैन, सतीश कुमार शोभित जैन, राहुल दुबे, दीपक शर्मा तथा विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा। मुकाबले में सचिन शर्मा, प्रवीण उपाध्याय, अश्वनी शर्मा और गिरीश शर्मा ने अंपायर की भूमिका निभाई।


























