
हाथरस 16 मार्च । श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय, हाथरस में आज नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (NISM) और वित्तीय कैपिटल के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिवसीय कार्यशाला फाइनेंशियल लिटरेसी फॉर यूथ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव एवं डॉ. अकीलुर्रहमान, ने सरस्वती माँ की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर के किया। इस अवसर पर छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। इस तीन दिवसीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को आर्थिक रूप से सशक्त और जागरूक बनाना है। कार्यक्रम में बचत, निवेश, शेयर बाजार की बुनियादी समझ और वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। डॉ. अमित भार्गव वाणिज्य विभागाध्यक्ष ने कहा कि आज के युग में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपने धन का सही प्रबंधन करना आना चाहिए ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। डॉ. अकीलुर्रहमान ने मुख्य वक्ता के रूप में वित्तीय नियोजन (Financial Planning) के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि “जल्दी निवेश की शुरुआत करना ही आर्थिक स्वतंत्रता की पहली सीढ़ी है।”कार्यशाला के पहले दिन महाविद्यालय की छात्राओं ने भारी संख्या में भाग लिया। सत्र के दौरान छात्राओं ने निवेश और बैंकिंग से संबंधित कई जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। यह कार्यशाला 18 मार्च तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 11:00 बजे से आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर महाविद्यालय की वाणिज्य विभाग की शिक्षिका स्वाती बंसल एवं समस्त स्टाफ और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।