
हाथरस 14 मार्च । जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ शनिवार को अलीगढ़ रोड स्थित ‘सुहानी (एच.पी.) गैस एजेंसी’ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने वितरण व्यवस्था से लेकर स्टॉक पंजिका तक का गहनता से सत्यापन किया।
मौके पर उपभोक्ताओं से किया सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने एजेंसी संचालक से बुकिंग प्रक्रिया और प्रतिदिन होने वाले वितरण की विस्तृत जानकारी ली। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं और किसी भी स्थिति में अनावश्यक विलंब न हो।
स्वयं तौले सिलेंडर, परखी शुद्धता
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने तुलाई मशीन पर खाली और भरे हुए गैस सिलेंडरों की स्वयं तौल कराकर जांच की। उन्होंने संचालक को निर्देशित किया कि गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें और बुकिंग के क्रम (Priority) के आधार पर ही डिलीवरी सुनिश्चित करें।


























