
हाथरस 13 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के तालाब चौराहा पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैलाश नगर निवासी मधु ने थानाध्यक्ष को दी तहरीर में बताया कि उसका पति वीरेंद्र उर्फ बौबी तालाब चौराहा पर घूमने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान वहां मौजूद देवेश और बौबी हलवाई ने उसके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार जब उसके पति ने फोन कर घटना की जानकारी दी तो वह अपने दोनों बेटों कान्हा और शिवम के साथ मौके पर पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान उसके बेटे शिवम के सिर में चोटें आईं। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।





















