
हाथरस 13 मार्च। लंबित रिट/आयोग संदर्भ, आरटीआई और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आयोग से प्राप्त संदर्भ, आरटीआई प्रकरण, आईजीआरएस पोर्टल तथा जनता दर्शन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन, आईजीआरएस पोर्टल अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण अवश्य किया जाए, ताकि प्रकरणों का वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण में स्पेशल क्लोज का अनावश्यक प्रयोग न किया जाए तथा संबंधित विभाग न होने की स्थिति में प्रकरण को तत्काल सक्षम विभाग को प्रेषित किया जाए। उन्होंने आरटीआई प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर सटीक और संतोषजनक सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आयोग से जुड़े मामलों में समय से जांच कर गुणवत्तापूर्ण आख्या भेजने पर जोर दिया। आईजीआरएस पोर्टल पर विभागीय प्रोफाइल का समय से संशोधन न किए जाने पर जिलाधिकारी ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
























