
हाथरस 13 मार्च। रमजान के आखिरी जुमा पर शहर में अलविदा की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदा की गई। शहर की विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और कौम की तरक्की के लिए दुआएं मांगीं।
शहर के किला गेट स्थित मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में नमाजियों ने अलविदा की नमाज अदा की। नमाज शांतिपूर्ण ढंग से मस्जिदों के अंदर ही संपन्न हुई। इस दौरान मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। हाथरस शहर के साथ-साथ आसपास के कस्बों की मस्जिदों में भी अलविदा की नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान नमाजियों ने अल्लाह से देश में अमन-चैन और खुशहाली बनाए रखने की विशेष दुआएं कीं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। प्रत्येक मस्जिद के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि मिश्रित आबादी वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय रखा गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही।




























