
हाथरस 10 मार्च । मुरसान थाना क्षेत्र के गांव मकरोई निवासी जलदेवी ने अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि उनके बेटे छोटेलाल उर्फ छुट्टन को पुरानी रंजिश के चलते हत्या के मामले में फर्जी तरीके से फंसा दिया गया है। जलदेवी का कहना है कि उनके बेटे को आठ फरवरी 2026 की दोपहर हुई एक घटना में आरोपी बना दिया गया, जबकि उस समय वह नगला बुधु हेमराज में एक शादी समारोह में टेंट का लेबर का काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, जिसमें उनका बेटा मैक्स पिकअप गाड़ी में टेंट का सामान लोड करता हुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना मुरसान पुलिस ने मामले में कोई जांच नहीं की और बिना जांच के ही उनके बेटे को जेल भेज दिया गया। इस संबंध में उन्होंने उच्च अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। जलदेवी ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अपने बेटे को न्याय दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें अब केवल जिलाधिकारी से ही उम्मीद है कि वह उनके बेटे को न्याय दिला सकते हैं।
























