
हाथरस 10 मार्च । कस्बा सहपऊ में एक पागल कुत्ते के आतंक से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। कुत्ते ने अब तक कम से कम 25 लोगों को काटकर घायल कर दिया है। पागल कुत्ते के डर से लोग गलियों में निकलने से कतरा रहे हैं, वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने वाले मरीजों का ताँता लगा हुआ है।
स्कूटी और बाइक सवारों को भी बनाया निशाना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ता इतना आक्रामक हो चुका है कि वह गली से गुजरने वाले पैदल यात्रियों के साथ-साथ स्कूटी और बाइक सवारों को भी दौड़कर काट रहा है। विशेष रूप से महिलाओं और राहगीरों में भारी खौफ है। कुत्ते के पागल होने की खबर फैलते ही नगर पंचायत प्रशासन भी सतर्क हो गया है। नगर पंचायत के कर्मचारी डंडे लेकर कस्बे की गलियों में कुत्ते की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक वह पकड़ में नहीं आ सका है।
गर्मी में बढ़ जाता है कुत्तों का चिड़चिड़ापन
पशु चिकित्सक डॉ. विकास यादव ने बताया कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही कुत्तों के स्वभाव में चिड़चिड़ापन आ जाता है। पागल होने के बाद कुत्ते का व्यवहार अनियंत्रित हो जाता है और उसका कोई निश्चित ठिकाना नहीं रहता, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।
सीएचसी पर 24 घंटे उपलब्ध है इंजेक्शन
सीएचसी प्रभारी अधीक्षक डॉ. प्रकाश मोहन ने बताया कि अस्पताल में रोजाना कुत्ते के काटने के लगभग 200 मरीज पहुँच रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र पर एंटी-रेबीज इंजेक्शन 24 घंटे उपलब्ध हैं। डॉ. मोहन ने सलाह दी कि कुत्ता काटने के 24 घंटे के भीतर इंजेक्शन लगवाना अनिवार्य है। सामान्यतः तीन इंजेक्शन लगाए जाते हैं, लेकिन पागल कुत्ते के मामले में सुरक्षा की दृष्टि से चार या पांच इंजेक्शन लगवाना आवश्यक है।




































