Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 मार्च । कोतवाली मुरसान क्षेत्र के अंतर्गत एक भीषण सड़क हादसे में 6 साल की मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुखद हादसा उस समय हुआ जब परिवार अपनी ससुराल से लौटकर वापस अपने गांव जा रहा था। बच्ची की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

ससुराल से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मुरसान क्षेत्र के गांव हरिया की गढ़ी निवासी विपिन, जो वैक्सीन सप्लाई का कार्य करते हैं, अपनी पत्नी पूजा और बच्चों के साथ ससुराल कौशांबी गए थे। शनिवार, 7 मार्च को पूरा परिवार ट्रेन द्वारा हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुँचा। वहां से वे ऑटो बुक कर अपने गांव हरिया की गढ़ी जा रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो मुरसान कस्बे के समीप पहुँचा, एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार विपिन, उनकी पत्नी पूजा और 6 वर्षीय पुत्री दामिनी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दामिनी की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल से आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा के मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए आज सुबह दामिनी ने अंतिम सांस ली।

पोस्टमार्टम के लिए लाया गया शव

कक्षा एक की छात्रा दामिनी की मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page