
हाथरस 10 मार्च । दीवानी न्यायालय में आगामी 14 मार्च को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-III के निर्देशन में आयोजित इस लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी सुलह-समझौते के आधार पर लंबित और प्री-लिटिगेशन मुकदमों का त्वरित निस्तारण करना है। इस आयोजन में बैंक मामले, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, भूमि अधिग्रहण, राजस्व वाद, विद्युत अधिनियम, नगर पालिका टैक्स वसूली तथा विभिन्न प्रकार के चालानी प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव अनु चौधरी ने सभी संबंधित पक्षों से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है ताकि वे लंबी कानूनी प्रक्रियाओं से मुक्ति पा सकें। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को लोक अदालत की सफलता के लिए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।






































