
हाथरस 09 मार्च । प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निराश्रित गोवंश संरक्षण और गौ आश्रय स्थलों के संचालन की विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गोवंश संरक्षण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पर्याप्त आहार और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गौ आश्रय स्थलों पर हरे चारे, भूसे और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे। उन्होंने गौशालाओं के पास खाली पड़ी सरकारी भूमि और कब्जा मुक्त कराई गई जमीनों पर हरा चारा बोने के निर्देश दिए। साथ ही, पशुओं की नस्ल सुधार के लिए प्राकृतिक के स्थान पर कृत्रिम गर्भाधान पर अधिक ध्यान केंद्रित करने को कहा। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि पशु चिकित्सकों की टीमें नियमित रूप से गौशालाओं का निरीक्षण करें और बीमार गोवंश का तत्काल उपचार सुनिश्चित करें।
सड़कों पर निराश्रित गोवंश के लिए चलेगा अभियान
मंत्री ने सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर घूम रहे गोवंश के संबंध में प्रशासन, पशुपालन विभाग, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर ऐसे गोवंश को चिह्नित करें और सुरक्षित गौ आश्रय स्थलों में पहुँचाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आमजन को राहत मिले।
मुख्य विकास अधिकारी ने दी उपलब्धियों की जानकारी
मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में बताया कि जनपद में 13,599 निराश्रित गोवंश वर्तमान में विभिन्न गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित हैं। ‘मुख्यमंत्री गौवंश सहभागिता योजना’ के तहत अब तक 205 लाभार्थियों को 329 गोवंश सुपुर्द किए गए हैं। जनपद में 2 वृहद गौ संरक्षण केंद्र और 34 अस्थायी गौ आश्रय स्थल संचालित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जनसहभागिता के माध्यम से अब तक हजारों ईंट और सैकड़ों कुंतल भूसा दान में प्राप्त हुआ है।
जनसहभागिता और बेहतर प्रबंधन का मंत्र
मंत्री ने गौशालाओं में छाया और टीनशेड की व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए ताकि गोवंश को भीषण गर्मी से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण में जनसहभागिता बहुत जरूरी है। ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों को इस पुनीत कार्य से जोड़कर इसे और अधिक प्रभावी बनाया जाए। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह कुशवाह, सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार, जिलाधिकारी अतुल वत्स सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



































