
हाथरस 09 मार्च । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के तपस्याधाम में ‘वंदे मातरम् – स्वर्णिम भारत’ विषय पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और प्रभु स्मरण के साथ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति समाज और राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा, “महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना किसी भी राष्ट्र की प्रगति संभव नहीं है। आज की महिला को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने भीतर के साहस को भी पहचानना होगा।” उन्होंने उपस्थित सभी महिलाओं को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला प्रभारी राजयोगिनी बी.के. सीता दीदी ने कहा कि केवल भौतिक उन्नति ही काफी नहीं है, बल्कि राजयोग और श्रेष्ठ संस्कारों के माध्यम से महिलाएं अपने जीवन में वास्तविक आत्मविश्वास, शांति और संतुलन विकसित कर सकती हैं। वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बी.के. भावना दीदी ने जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को धारण करने पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर शालिनी पाठक और राधा अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए नारी शक्ति के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। कुमारी खुशी और कुमारी प्रीति अग्रवाल ने अपनी ओजस्वी कविता पाठ से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का सफल प्रबंधन बी.के. बबीता, बी.के. रश्मि, अनीता, पूजा और बी.के. राधा बहनों द्वारा किया गया। इस अवसर पर आशा सारस्वत, निशा आंधीवाल, मंजू शर्मा, सत्यवती गौतम, संगीता गर्ग, रूपा गुप्ता, ज्योति वर्मा, कजरी राजोरिया, रश्मि वार्ष्णेय, पूनम बासठेय, प्रीति अग्रवाल, रीना अग्रवाल, राधा खंडेलवाल, माला माहौर, सुनीता देवी, मंजू देवी, लक्ष्मी देवी, शशि, सर्वेश चौहान सहित बड़ी संख्या में शहर की महिलाएं और मातृशक्ति उपस्थित रहीं। अंत में विश्व शांति के संदेश और सामूहिक प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



































