
हाथरस 09 मार्च । सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव मऊ चिरायल में एक विवाहिता का शव उसके घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर विवाहिता के मायके पक्ष के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान 29 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है, जो सिकंद्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव गंथरी शाहपुर निवासी श्यौराज सिंह की बेटी थी। लक्ष्मी की शादी छह साल पहले मऊ चिरायल निवासी रवि चौहान से हुई थी। रवि पिलखुवा में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। दंपति की कोई संतान नहीं थी। लक्ष्मी की बहन अंजलि ने आरोप लगाया है कि उसके बहनोई रवि चौहान और अन्य ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर लक्ष्मी को लगातार प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट भी करते थे। अंजलि का कहना है कि इन्हीं लोगों ने उसकी बहन की हत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।



































