Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 मार्च । खाड़ी देशों में जारी युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव का असर अब आम आदमी की रसोई तक पहुँच गया है। गैस कंपनियों ने घरेलू और व्यावसायिक (कमर्शियल) रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी वृद्धि कर दी है। इसके साथ ही डिलीवरी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए ‘ओटीपी’ (OTP) आधारित नई व्यवस्था भी लागू कर दी गई है।

कीमतों में हुआ इतना इजाफा

नई दरों के अनुसार, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत अब ₹862.50 से बढ़कर ₹922.50 हो गई है। वहीं, व्यावसायिक सिलेंडर में ₹104 की वृद्धि की गई है, जिसके बाद इसकी नई कीमत ₹1,892.50 निर्धारित की गई है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि यह बढ़ोतरी वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में आए व्यवधान के चलते की गई है।

बुकिंग के नियमों में भी बदलाव

गैस एजेंसियों ने बुकिंग के अंतराल में भी फेरबदल किया है। अब उपभोक्ता एक सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक कर सकेंगे, जबकि पहले यह अवधि 15 दिन थी। इसके अलावा, डिलीवरी के समय अब उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा, जिसे बताने के बाद ही गैस सिलेंडर सुपुर्द किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य गलत डिलीवरी की शिकायतों को जड़ से समाप्त करना है।

आम जनता की प्रतिक्रिया

कीमतों में हुई इस अचानक वृद्धि से आमजन काफी निराश हैं। इंदिरा नगर की निवासी सपना शर्मा का कहना है कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों के लिए गैस के दाम बढ़ना सीधा घरेलू बजट पर प्रहार है। वहीं, सासनी की दीक्षा कुशवाह ने कहा कि ओटीपी वाली व्यवस्था पारदर्शिता के लिहाज से तो अच्छी है, लेकिन बढ़ती कीमतें रसोई का खर्च बढ़ा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page