
सिकंदराराऊ (हसायन) 08 मार्च । कोतवाली क्षेत्र की सलेमपुर पुलिस चौकी अंतर्गत गांव इनायतपुर में दबंगों द्वारा एक युवक को रास्ते में रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने कोतवाली पहुँचकर नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर देते हुए न्याय की गुहार लगाई है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव इनायतपुर निवासी रंजीत पुत्र हाकिम सिंह अपने घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही कुछ दबंग युवकों ने उसे रोक लिया। रंजीत का आरोप है कि आरोपियों ने बिना किसी ठोस कारण के पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद घायल रंजीत किसी तरह कोतवाली पहुँचा और आपबीती सुनाई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा। वहां चिकित्सकों द्वारा उसका परीक्षण किया गया और चोटों के निशान देख उपचार किया गया। डॉक्टरी परीक्षण की रिपोर्ट कोतवाली से आए होमगार्ड के माध्यम से पुलिस को सौंप दी गई है।पुलिस ने रंजीत की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सलेमपुर चौकी प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जाएगी। गांव में मारपीट की घटना से क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।



































