
सिकंदराराऊ (हसायन) 08 मार्च । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आज नगला रति मार्ग स्थित मोहल्ला अहीरान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. उपेन्द्र सिंह ने महिलाओं के स्वास्थ्य, उनके अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान डॉ. उपेन्द्र सिंह ने कस्बा और ग्रामीण क्षेत्र से आई महिलाओं को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से पिछले सात वर्षों से संचालित ‘आयुष्मान भारत योजना’, ‘जननी सुरक्षा योजना’ और ‘टीकाकरण’ के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर महिलाएं अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकती हैं। अपने संबोधन में डॉ. उपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्राचीन काल से ही समाज में नारी सम्मानित रही है और आज भी महिलाएं अपनी मेहनत और लगन से बड़े-बड़े प्रशासनिक व प्रमुख पदों पर पहुँचकर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। महिला दिवस पर उपस्थित महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वास्थ्य केंद्र की पूरी टीम का योगदान रहा। इस अवसर पर फार्मासिस्ट वीरेंद्र सिंह बघेल, स्टाफ नर्स रेखा चाहर, सोनू कुशवाहा, मनोज कुमार, विक्रम कुशवाहा, विजय राजपूत और एएनएम विजय राजपूत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



































