
हाथरस 07 मार्च । हाथरस के मुरसान कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसे में ईंट भट्ठा मजदूर की मौत हो गई। मजदूर को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान हमीरपुर के मंगरोड निवासी 35 वर्षीय अखिलेश पुत्र कल्लू के रूप में हुई है। अखिलेश अपने परिवार के कुछ अन्य सदस्यों के साथ मुरसान में एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने आया था। यह घटना मुरसान कस्बे से आगे ब्लॉक रोड पर हुई, जब अखिलेश देर रात सड़क पर पैदल जा रहा था। एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान अखिलेश की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अखिलेश अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है। यह लोग हमीरपुर से यहां मजदूरी करने के लिए आए थे।






































