Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 07 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कुरसंडा स्थित राजकीय महाविद्यालय में गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्या प्रो. सत्यप्रिया बंसल के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. अनुराधा अग्रवाल द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने भारत की प्रतिष्ठित महिलाओं की जीवन गाथाएं प्रस्तुत कीं। उन्होंने इन महिलाओं के संघर्ष और उपलब्धियों को साझा किया। छात्राओं ने विभिन्न महान महिलाओं के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे उपस्थित लोग प्रेरित हुए। प्रभारी प्राचार्या प्रो. सत्यप्रिया बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर रही हैं। वे अपने साहस और आत्मविश्वास से नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने बताया कि महिलाएं अब आसमान में उड़ान भरने से लेकर समुद्र में जहाज चलाने तक हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने सभी को इन प्रेरणादायक उदाहरणों से सीख लेकर अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। डॉ. राधा शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी कार्य को छोटा या बड़ा नहीं समझना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार, समाज और कार्यक्षेत्र में पूरी ईमानदारी और क्षमता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की सलाह दी। राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. अनुराधा अग्रवाल ने अपने संबोधन में देश की सफल महिलाओं के उदाहरण दिए और छात्राओं को उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। अंत में, उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. शैलेंद्र सिंह कुशवाहा, डॉ. दिनेश कुमार तोमर, डॉ. नरेंद्र सिंह, प्रो. डी. के. गौतम और डॉ. नीरज उपाध्याय सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page