
सिकंदराराऊ (हसायन) 07 मार्च । कस्बा स्थित अब्दुलहईपुर मार्ग के प्राचीन टुकिया शिव मंदिर परिसर में शुक्रवार को ‘रंगोत्सव’ और ‘फूलडोल’ मेले का भव्य आयोजन किया गया। होली के पावन पर्व पर आयोजित इस मेले ने आसपास के क्षेत्रवासियों और ग्रामीणों को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। मेला आयोजक समिति द्वारा इस अवसर पर विशेष ‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। मेले में खाने-पीने के स्टॉलों पर लोगों की खासी भीड़ देखी गई। ग्रामीणों और कस्बावासियों ने चाट-पकौड़ी, जलेबी, चाऊमीन, बर्गर, टिक्की और भेलपुरी जैसे चटपटे व्यंजनों का भरपूर आनंद लिया। मेले में नन्हे-मुन्नों के लिए विशेष उत्साह देखा गया। बच्चे विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाते और गुब्बारे वाले के पास खिलौने व गुब्बारों की खरीदारी करते हुए नजर आए। पूरे दिन मंदिर परिसर का वातावरण उत्सव के रंग में रंगा रहा। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता भगवान शिव के प्रिय प्रसाद ‘भांग की ठंडाई’ का वितरण रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण कर खुद को धन्य महसूस किया। आयोजक समिति के कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


































