
हाथरस 07 मार्च । जिला खेल कार्यालय हाथरस द्वारा ‘फिट इंडिया महिला सप्ताह 2026’ का आयोजन किया गया। मथुरा रोड स्थित एस.एस. दर्शना में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं के लिए फिजिकल फिटनेस, योग और जूडो/सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) का प्रशिक्षण दिया गया। उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मरक्षा के गुर सिखाना है। कार्यक्रम का संचालन सुश्री वर्षा रानी, अंसार हुसैन, सुजी यादव, स्मृता सिंह और कविता वघेल की देख-रेख में किया गया। आयोजन के दौरान प्रशिक्षकों ने महिलाओं और बालिकाओं को फिट रहने के टिप्स दिए। इसके साथ ही जूडो और आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए उन्हें आपातकालीन स्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी फिटनेस को लेकर संकल्प लिया।


































