Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 05 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला अडू में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। यहाँ खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पर बैठी कक्षा तीन की छात्रा का संतुलन बिगड़ गया और वह टायर व मडगार्ड के बीच फंस गई। करीब 10 मिनट तक मासूम वहां तड़पती रही और जब तक ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला अडू निवासी सुरेश कुमार उर्फ भोलू की 9 वर्षीय पुत्री दीक्षा पड़ोस के ही एक ट्रैक्टर पर बैठकर आलू के खेत में जा रही थी। ट्रैक्टर को मालिक का पुत्र चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीक्षा के हाथ में आलू का एक अधभरा थैला था, जो अचानक ट्रैक्टर के घूमते टायर और मडगार्ड के बीच फंस गया। थैला खिंचने के कारण दीक्षा का संतुलन बिगड़ गया और वह भी थैले के साथ टायर और मडगार्ड के बीच जा फंसी।

छात्रा के चीखने पर चालक ने तुरंत ट्रैक्टर रोका, लेकिन तब तक मासूम बुरी तरह फंस चुकी थी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर दौड़े। करीब 10 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने बालिका को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक दीक्षा गांव के ही संविलियन विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। वह तीन बहनों और दो भाइयों में मंझली थी। पिता सुरेश कुमार पेशे से किसान हैं और इसी मेहनत से परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। बेटी की इस तरह अचानक हुई मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना पर डायल 112, सलेमपुर चौकी पुलिस और हसायन कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेजा। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बालिका ट्रैक्टर पर बैठी थी और असंतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page