Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 05 मार्च । सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के एटा रोड स्थित गांव नारई में बुधवार दोपहर आपसी विवाद के बाद एक युवक पर देसी तमंचे से फायर कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, गांव नारई निवासी सुरेंद्र दिवाकर के खेत पर लगे समर (पानी का मोटर पंप) के कुछ बोल्ट चोरी हो गए थे। आरोप है कि पास के गांव बाड़ी का एक युवक ये बोल्ट खोलकर ले गया था। जब सुरेंद्र दिवाकर बोल्ट वापस लेने के लिए गांव बाड़ी निवासी मुकेश के पास पहुंचे, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मुकेश ने गुस्से में आकर देसी तमंचा निकाल लिया और सुरेंद्र पर फायर कर दिया। बताया जाता है कि आरोपी ने दो फायर किए, जिनमें से एक सुरेंद्र दिवाकर के चेहरे की ओर किया गया। गोली के छर्रे सुरेंद्र के चेहरे पर लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घायल को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सिकंदराराऊ ले गए। इस मामले में कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि गांव नारई में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। घायल युवक को उपचार के लिए रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page