
सिकंदराराऊ 05 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़िया में गुरुवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के ही एक गंदे नाले में भाजपा के मंडल संयोजक का शव उनकी बाइक के नीचे दबा मिला। मृतक की पहचान 24 वर्षीय देवा यादव के रूप में हुई है। शव की स्थिति और उसे छिपाने के लिए ऊपर से डाली गई मिट्टी की बोरियों को देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, देवा यादव बुधवार रात अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़कर वापस घर आने की बात कहकर निकले थे। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटे और उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। गुरुवार सुबह परिजनों ने सिकंदराराऊ कोतवाली में उनकी गुमशुदगी की तहरीर दी थी, जिसके कुछ ही घंटों बाद दोपहर करीब 2 बजे गांव के बच्चों ने नाले में बाइक का हैंडल देखा और घटना का खुलासा हुआ।
हत्या कर शव छिपाने की साजिश!
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नाले में बाइक के नीचे देवा का शव दबा हुआ था और उसे पूरी तरह छिपाने के उद्देश्य से ऊपर से मिट्टी से भरी बोरियां भी डाली गई थीं। नाला सिल्ट और कूड़े से भरा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि सोची-समझी साजिश के तहत वारदात को अंजाम देकर साक्ष्य छिपाने की कोशिश की गई है। सूचना पर पहुँचे कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने स्थिति को संभालते हुए शव को कब्जे में लिया। देवा यादव करीब दो साल से भाजपा में सक्रिय थे और वर्तमान में सिकंदराराऊ मंडल में संयोजक के पद पर कार्यरत थे। वह पांच भाइयों में से एक थे। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही कुछ युवकों से उनका पुराना विवाद चल रहा था और उसी रंजिश के चलते उनकी हत्या की गई है। उल्लेखनीय है कि करीब 8 साल पहले देवा के एक बड़े भाई की भी हत्या हो चुकी है। मृतक अपने पीछे माता-पिता और पत्नी को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।






































