Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 03 मार्च । यमुना एक्सप्रेस-वे पर आज तड़के दर्दनाक हादसे की खबर ने सभी को झकझोर दिया। डबल डेकर बस ने चलती इको वैन को पीछे टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। मृतक धौलपुर राजस्थान के बताए जा रहे हैं। कार सवार होली के लिए घर जा रहे थे। बस दिल्ली से गोरखपुर, जबकि वैन दिल्ली से धौलपुर जा रही थी। वैन में कुल 13 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एक्सप्रेस वे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल उपचार के लिए खंदौली सीएचसी भेजा गया। जहां से तीन को गंभीर हालत में खंदौली से आगरा रेफर कर दिया गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको कार उछलकर 10 फीट दूर गिरी। उसका पिछला हिस्सा चकनाचूर हो गया। बस के अगले को हिस्से को नुकसान हुआ। गनीमत रही कि बस सवार यात्री बाल-बाल बच गए।

हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के पास हुआ। एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 141 पर मंगलवार तड़के करीब 4 बजे दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही इको वैन को टक्कर मार दी। इको सवार सभी लोग दिल्ली से राजस्थान के राजाखेड़ा धौलपुर जा रहे थे। हादसे में 6 मृतकों में से 4 मृतकों की पहचान दिनेश पुत्र होतम सिंह, उनकी पत्नी सुनीता, विजय बघेल पुत्र सुखराम, उनकी पत्नी पिंकी बघेल के रूप में हुई है। दो की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। सभी गंगोली, राजाखेड़ा राजस्थान के बताए जा रहे हैं। हादसे में इको चालक वीरेंद्र पुत्र रामप्रकाश भी घायल है। इसके अलावा राजाखेड़ा के ही मनोज पुत्र सुरेश, आर्यन, अंशु पुत्र अजय, मृतक विजय का बेटा लक्ष्य, बेटी प्राची और उनकी साली पूनम बघेल घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए खंदौली थाना क्षेत्र के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page