Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 02 मार्च । होली के पावन पर्व को लेकर कस्बा, देहात में उत्साह का माहौल है। होलिका दहन से पहले महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होलिका माता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान सुख-समृद्धि की कामना की गई। कस्बे में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर होलिकाएं स्थापित की गई हैं। विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर आकर्षक रंगोलियां सजाई गई हैं। कई घरों के बाहर छोटी होलिकाएं भी स्थापित की गई हैं, जबकि कुछ स्थानों पर विशाल होलिकाएं सजाई गई हैं। जवाहर बाजार स्थित राम मंदिर के निकट होलिका माता की प्रतिमा स्थापित कर उन्हें साड़ी पहनाई गई है, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक पूजा की। त्योहार के मद्देनजर बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल देखी गई। रंग-गुलाल, पिचकारी, मुखौटे और बच्चों के खिलौनों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। मिठाई की दुकानों पर गुझिया, मठरी और अन्य पकवानों की जमकर खरीदारी हुई। फूल-मालाओं की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। व्यापारी वर्ग ने भी त्योहार को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। नगर के विभिन्न मंदिरों में पिछले कई दिनों से होली के धार्मिक आयोजन जारी हैं। भजन-कीर्तन और फूलों की होली के कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। रविवार को भी कई मंदिरों में रंगों की होली खेली गई, जहां भक्तों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं।।होली के पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शहर और देहात क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। खुफिया तंत्र को भी सक्रिय रखा गया है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि होलिकाएं निर्धारित स्थलों पर ही स्थापित हों। अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page