Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 मार्च । आगामी होली पर्व और रमजान माह के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अलीगढ़ परिक्षेत्र, श्री प्रभाकर चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक हाथरस, श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से भारी पुलिस बल के साथ शहर के मुख्य बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। DIG और SP ने कोतवाली नगर क्षेत्र के सासनी गेट चौराहा, कमला बाजार, रामलीला मैदान, पंजाबी मार्केट और तालाब चौराहा जैसे व्यस्ततम इलाकों में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और आमजन से सीधा संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फ्लैग मार्च के दौरान DIG प्रभाकर चौधरी ने चेतावनी दी कि त्योहार की आड़ में असामाजिक गतिविधियां करने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद के विभिन्न स्थानों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर पुलिस की साइबर सेल पैनी नजर रखे हुए है; भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरंत ‘112’ पर सूचना दें।

यातायात नियमों के पालन की अपील

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जनपदवासियों से अपील की कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान शराब पीकर वाहन न चलाएं और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गति संयमित रखें। साथ ही, ध्वनि विस्तारक यंत्रों (डीजे आदि) का प्रयोग निर्धारित समय और अनुमति के अनुसार ही करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र कृष्ण नरायन समेत थाना कोतवाली नगर, महिला थाना और सासनी कोतवाली के प्रभारी व भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने मातहतों को होटलों, मनोरंजन गृहों और धार्मिक स्थलों के आसपास निरंतर पेट्रोलिंग और बैरियर लगाकर सघन चेकिंग करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page