Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 02 मार्च । आगामी होली पर्व के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश के आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार जनपद में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन को रोकने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में संयुक्त आबकारी आयुक्त आगरा जोन और उप आबकारी आयुक्त अलीगढ़ प्रभार के पर्यवेक्षण में सोमवार को आबकारी व पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से सासनी क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने सासनी क्षेत्र में स्थित विभिन्न ढाबों और होटलों पर अचानक दबिश दी। टीम ने वहां रखे सामान और संदिग्ध स्थानों की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान सड़क किनारे खड़े संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई ताकि शराब की तस्करी की किसी भी संभावना को खत्म किया जा सके। कार्यवाही के दौरान आबकारी निरीक्षक ए. एल. मिश्र ने होटल एवं ढाबा संचालकों को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि वे अपने परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध शराब का सेवन या बिक्री न होने दें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी संचालक अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी। इस विशेष संयुक्त अभियान में आबकारी निरीक्षक सासनी ए. एल. मिश्र और हनुमान चौकी के पुलिस उपनिरीक्षक मय आबकारी व पुलिस स्टाफ के साथ मुस्तैद रहे। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि होली के त्योहार तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और अवैध शराब के कारोबारियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page