
सिकंदराराऊ (हसायन) 01 मार्च । विकासखंड क्षेत्र के ग्राम अंडौली स्थित संकट मोचन इंटर कॉलेज में रंगों का महापर्व ‘होली’ हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित ‘होली मिलन कार्यक्रम’ के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी और आपसी भाईचारे का संकल्प लिया। रंगोत्सव के इस विशेष अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे पूरा वातावरण आनंदमय हो गया। विद्यार्थियों ने अपने सहपाठियों को स्नेहपूर्वक गुलाल लगाया और गले मिलकर होली की शुभकामनाएँ साझा कीं। शिक्षकों ने भी बच्चों को आशीर्वाद देते हुए सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण होली मनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा और डायरेक्टर लोकेश कुमार दीक्षित ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का खेल नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व हमारे भीतर की पुरानी द्वेष भावनाओं को समाप्त कर जीवन में नए रंगों का संचार करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर समाज में सद्भाव बनाए रखते हुए मिलजुलकर होली खेलनी चाहिए। होली मिलन के इस कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों का मनोरंजन किया, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति और एकता के महत्व से भी रूबरू कराया। अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी को होली की अग्रिम शुभकामनाएँ दी गईं।