Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 मार्च । बिसावर चौकी परिसर में पीस कमेटी की संयुक्त बैठक हुई। रमजान और होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई। इसमें व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए चौकी प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि रमजान और होली जैसे महत्वपूर्ण पर्व एक साथ पड़ रहे हैं। ऐसे में सभी को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने बिसावर क्षेत्र की पहचान का जिक्र किया, जो हमेशा से आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण परंपरा के लिए रही है। चौकी प्रभारी ने कहा कि यहां हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग एक-दूसरे के त्योहारों का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाते आए हैं, और इस परंपरा को आगे भी कायम रखना है। अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रकार की अफवाह, विवाद या उपद्रव की आशंका हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। त्योहार के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। चौकी प्रभारी ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से बचने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। बैठक में अरविंद चौधरी, श्यामवीर सिंह फौजदार, सत्तार खां, निजाम खां, शकील खां, जाकिर, निजामुद्दीन, सुगराती सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page