हाथरस में दो दिवसीय फाल्गुन महोत्सव के तहत भजन संध्या का हुआ आयोजन, भजन गायक नरेश सैनी ने बांधा समां

हाथरस 28 फरवरी । अलीगढ़ रोड पर श्याम प्रेस कम्पाउण्ड स्थित श्री खाटू श्याम जी मन्दिर में दो दिवसीय ‘श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव’ का शुभारंभ शुक्रवार, 27 फरवरी को श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन आयोजित भव्य ‘फूल बंगला’ और भजन संध्या ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव के प्रथम दिन प्रातः 9 बजे बाबा श्याम का भव्य ‘फूल बंगला’ सजाया गया, जिसके दर्शन हेतु सुबह से ही श्याम प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों से महकता मन्दिर परिसर अलौकिक आभा बिखेर रहा था।

शाम 7 बजे से आयोजित भजन संध्या में हरियाणा से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक नरेश सैनी ने बाबा के चरणों में हाजिरी लगाई। उन्होंने “तारे में कर दियो लाल, जुलम कर डारो” जैसे सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने लगे। बाबा का कीर्तन श्याम प्रभु की इच्छा तक देर रात तक चलता रहा। श्री खाटूश्याम मन्दिर समिति ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन यानी आज शनिवार को प्रातः 11 बजे मन्दिर ठा. श्री कन्हैयालाल जी महाराज (रुई की मण्डी) से विशाल निशान यात्रा निकाली गई। यह यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए खाटू श्याम जी मन्दिर पहुंची। इसके साथ ही आज सायं 5 बजे छप्पन भोग दर्शन और सायं 7 बजे से श्याम रसोई का आयोजन भी किया गया।
















