
हाथरस 28 फरवरी । अलीगढ़ मंडल की आयुक्त संगीता सिंह ने आज जिलाधिकारी अतुल वत्स के साथ कलेक्ट्रेट का विस्तृत निरीक्षण किया और सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट की व्यवस्थाओं और पटल सहायकों की कार्यकुशलता पर संतोष व्यक्त करते हुए मंडलायुक्त ने जिला प्रशासन की तैयारियों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लाभार्थियों को ‘घरौनी’ का वितरण किया और नागरिक सुरक्षा कोर के नए सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र सौंपे। इसके साथ ही ई-ऑफिस संचालन में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सचिन उपाध्याय, सुधीर कुमार और कल्पना शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने आयुध अनुभाग, भू-लेख, डूडा, आईजीआरएस कंट्रोल रूम और राजस्व अभिलेखागार सहित विभिन्न पटलों का मुआयना कर पत्रावलियों का बारीकी से अवलोकन किया। आयुध अनुभाग में उन्होंने निर्देश दिए कि जिलाधिकारी स्तर से निरस्त किए गए शस्त्रों का अंकन पंजिका में अनिवार्य रूप से किया जाए और नए लाइसेंसों के सत्यापन के बाद ही प्रविष्टि पूर्ण की जाए। वहीं, डी.एल.आर.सी. पटल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसीलों में उपलब्ध भूमि के अभिलेखों की जांच करते हुए मिनी स्टेडियम हेतु मानक के अनुसार भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने कर्मचारी कल्याण पर जोर देते हुए कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के देयकों का भुगतान समय से हो और अर्जित अवकाश की धनराशि का चेक विदाई समारोह में ही सौंप दिया जाए। डूडा विभाग के निरीक्षण में उन्होंने आवास योजना के लाभार्थियों के सत्यापन कार्य को प्राथमिकता पर पूर्ण करने तथा दस्तावेजों के मिलान में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। राजस्व अभिलेखागार में बस्ता खुलवाकर पत्रावलियों का मिलान करते हुए उन्होंने रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण हेतु कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही, सी.आर.ए. पटल को पुरानी आर.सी. के निस्तारण हेतु अभियान चलाकर वसूली करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, एडीएम (वि./रा.), एडीएम न्यायिक सहित कलेक्ट्रेट के सभी प्रभारी अधिकारी एवं पटल सहायक उपस्थित रहे।
संबोधन के दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा भाव की सीख देते हुए कहा कि कार्यालय आने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपना काम छोड़कर समस्या लेकर आता है, इसलिए सभी पटल सहायक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए और शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतें। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंडलायुक्त का आभार व्यक्त करते हुए उनके निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने मंडलायुक्त को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), एडीएम न्यायिक सहित कलेक्ट्रेट के समस्त प्रभारी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।















