
हाथरस 28 फरवरी । जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में आज बागला कॉलेज के प्रांगण में एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया गया। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले का शुभारंभ प्रातः 10 बजे हुआ, जिसमें निजी क्षेत्र की आठ प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में पुखराज हेल्थ केयर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एलआईसी, आदित्य बिरला सन लाइफ, होली हर्ब्स पंजाब, डिस्टिल एजुकेशन दिल्ली, मोहन फाउंडेशन और अंजू मोटर्स के प्रतिनिधियों एवं एचआर ने शिरकत की। रोजगार मेले में जनपद और आसपास के क्षेत्रों से आए कुल 406 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक पंजीकरण कराया और साक्षात्कार की प्रक्रिया में भाग लिया। विभिन्न राउंड के साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के बाद कंपनियों द्वारा कुल 302 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर किया गया। इस दौरान कई सफल अभ्यर्थियों को कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा मौके पर ही ‘ऑफर लेटर’ प्रदान किए गए, जिससे उनके चेहरे खिल उठे। सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं को निजी क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया गया और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की बात कही गई।















