
हाथरस 28 फरवरी । कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के गांव बैरुआ में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतका की मां, जो एक महिला संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, ने अपने ही पति पर बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, मृतका की मां रेखा राणा (राष्ट्रीय अध्यक्ष, आदर्श महिला एवं बाल कल्याण संगठन) का अपने पति के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद इतना गहरा था कि दोनों वर्ष 2023 से ही एक-दूसरे से अलग रह रहे थे। रेखा राणा का सीधा आरोप है कि इसी रंजिश और विवाद के चलते उनके पति ने उनकी नाबालिग बेटी की हत्या कर दी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सादाबाद क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित पाठक और कोतवाली प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ गांव बैरुआ का दौरा किया। पुलिस ने साक्ष्य संकलित किए और ग्रामीणों से पूछताछ की। इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। मृतका की मां की तहरीर और आरोपों के आधार पर पुलिस ने छानबीन तेज कर दी है।















