सादाबाद 27 फरवरी । कस्बे के मोहल्ला राजनगर, नई बस्ती में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक बिजली का खंभा खतरनाक ढंग से झुक गया है। करीब पंद्रह दिन पहले स्थापित यह खंभा स्थानीय निवासियों के लिए बड़े हादसे का कारण बन सकता है। जानकारी के अनुसार, 12 फरवरी को यहां लगा एक सीमेंटेड विद्युत खंभा टूट गया था। इसके बाद विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर लोहे का नया खंभा लगाया, लेकिन आरोप है कि इसे मानक के अनुरूप स्थापित नहीं किया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि खंभा लगाते समय आरसीसी को जमीन में मजबूती से नहीं डाला गया। इसी कारण खंभा सीधा खड़ा नहीं हो सका और एक मकान की ओर खतरनाक तरीके से झुक गया है। इससे आसपास के परिवारों पर कभी भी बड़ा हादसा होने का खतरा मंडरा रहा है। मोहल्ले के हजारीलाल, रामगोपाल, संजय कुलश्रेष्ठ, दुर्गेश, कपिल आदि ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पत्र में बताया है कि झुका हुआ खंभा न केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचा सकता है, बल्कि जनहानि की भी पूरी संभावना है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की आवाजाही वाले क्षेत्र में।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि कई बार मौखिक शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते खंभे को सुरक्षित तरीके से दोबारा स्थापित नहीं किया गया, तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे। स्थानीय निवासियों ने जनहित में तत्काल खंभा हटवाने की मांग की है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि इलाके के लोगों की आपसी सहमति के बाद मिले प्रार्थना पत्र को अधीनस्थ अधिकारियों को भेजकर उसका निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।















