Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 27 फरवरी । ब्रज के प्रवेश द्वार हाथरस में रंगभरनी एकादशी के पावन अवसर पर होली पर्व का औपचारिक आगाज हो गया। शुक्रवार को घंटाघर स्थित गोविंद भगवान मंदिर से निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्ति और उल्लास के रंगों में सराबोर कर दिया। हुरियारों की मस्ती और फिजाओं में उड़ते अबीर-गुलाल के बीच शहर का माहौल मिनी बरसाना जैसा नजर आया। शोभायात्रा का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी दिनेश चंद्र गुप्ता (दाल वाले) ने किया, जबकि ठाकुरजी का अभिषेक शिवकुमार वार्ष्णेय द्वारा संपन्न कराया गया। मंदिर से शुरू होकर यह यात्रा शहर के मुख्य बाजारों से होती हुई जलेसर रोड स्थित आंधीवाल बगीची तक पहुँची। मार्ग में कीर्तन मंडलियों ने “आज बिरज में होली रे रसिया” और “मेरी चुनरी में लग गयो दाग री” जैसे पारंपरिक होली गीतों और रसियाओं से समां बांध दिया, जिस पर युवा और बुजुर्ग जमकर थिरके।

आकर्षण का केंद्र रहीं झांकियां

मेले में ठाकुर जी का डोला और भगवान भोलेनाथ के स्वरूपों द्वारा दिखाए गए करतब आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवा टोली हुड़दंग मचाती और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देती नजर आई। स्थानीय निवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया। उत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा। इस भव्य आयोजन में मुख्य रूप से मुकुल आनंद, मनु वार्ष्णेय, अजय वार्ष्णेय, अतुल आंधीवाल (पूर्व अध्यक्ष, जिला बार एसोसिएशन), अतुल वार्ष्णेय, रौनक, मयंक, योगेंद्र, यतेंद्र, नवरत्न, शैलेंद्र सर्राफ और शिवकुमार वार्ष्णेय सहित भारी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page