
हाथरस 27 फरवरी । जनपद में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की वर्ष 2026 की परीक्षाएं पूरी शुचिता और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही हैं। जिले के सभी 99 परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। शुक्रवार को आयोजित महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षा में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुबह की पाली में हाईस्कूल के गणित विषय की परीक्षा संपन्न हुई। इस परीक्षा के लिए कुल 15,818 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 14,769 ने परीक्षा दी, जबकि 1,049 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी पाली में इंटरमीडिएट के विभिन्न ट्रेड विषयों में पंजीकृत 378 परीक्षार्थियों में से 373 उपस्थित रहे और 5 अनुपस्थित पाए गए।
दोपहर बाद की पाली में इंटरमीडिएट के भौतिक विज्ञान विषय की महत्वपूर्ण परीक्षा हुई। इस परीक्षा के लिए कुल 16,396 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 15,355 छात्र उपस्थित रहे और 1,041 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। वहीं सैन्य विज्ञान विषय में 198 पंजीकृत छात्रों में से 193 उपस्थित और 5 अनुपस्थित रहे। परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहाँ से सभी 99 केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों के जरिए लाइव निगरानी की जा रही है। केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। जिले को 4 जोन और 19 सेक्टर में विभाजित कर प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही अभिभावकों की भारी भीड़ देखी गई। सचल दल और प्रशासनिक अधिकारी लगातार केंद्रों का औचक निरीक्षण कर शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने में जुटे रहे।















