
हाथरस 27 फरवरी । आगामी त्योहारों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार जनपद में अवैध मदिरा की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी हाथरस एवं उप आबकारी आयुक्त अलीगढ़ प्रभार के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सासनी क्षेत्र की शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
स्टॉक सत्यापन और ओवररेटिंग की जांच
उप जिलाधिकारी सासनी नीरज शर्मा, आबकारी निरीक्षक ए. एल. मिश्र और पुलिस उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने थाना सासनी क्षेत्र के अंतर्गत सासनी कस्बा और लुटसान स्थित विभिन्न कम्पोजिट एवं देशी मदिरा की दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने दुकानों में रखे स्टॉक का बारकोड से मिलान कर भौतिक सत्यापन किया। साथ ही सेल्स रजिस्टर और स्टॉक रजिस्टर की बारीकी से जांच की गई।
निर्धारित मूल्य पर बिक्री और ‘सिटीजन ऐप’ अनिवार्य
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अनुज्ञापियों (दुकान संचालकों) को सख्त निर्देश दिए कि:
-
मदिरा की बिक्री केवल निर्धारित प्रिंट रेट (MRP) पर ही की जाए, ओवररेटिंग मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई होगी।
-
दुकानों पर नियमानुसार ‘सिटीजन ऐप’ (Citizen App) का क्यूआर कोड लगा होना अनिवार्य है, ताकि ग्राहक मदिरा की शुद्धता की जांच कर सकें।
-
दुकान परिसर और आसपास किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि न होने दें।
चेतावनी : अवैध शराब पर होगी जेल
आबकारी निरीक्षक ए. एल. मिश्र ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी या अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















