
सिकंदराराऊ 27 फरवरी । शासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन” के अंतर्गत शुक्रवार, 27 फरवरी 2026 को थाना सिकंदराराऊ पुलिस ने आबकारी अधिनियम से संबंधित भारी मात्रा में अवैध शराब को नियमानुसार नष्ट किया। न्यायालय के आदेश और उच्चाधिकारियों की उपस्थिति में कुल 44 अभियोगों से संबंधित माल का निस्तारण (Disposal) किया गया।
साढ़े चार लाख की शराब पर चला बुलडोजर
प्रभारी निरीक्षक थाना सिकंदराराऊ ने बताया कि न्यायिक मजिस्ट्रेट सिकंदराराऊ के आदेशानुसार थाना मालखाने में वर्षों से लंबित पड़े आबकारी अधिनियम के 44 मुकदमों से संबंधित शराब को नष्ट करने की अनुमति प्राप्त हुई थी। इसमें लगभग 240 लीटर अवैध देशी शराब और 408 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब शामिल थी। नष्ट की गई इस मदिरा की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹4,50,000/- (साढ़े चार लाख रुपये) आंकी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई प्रक्रिया
शराब के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई। इस दौरान उपजिलाधिकारी (SDM) सिकंदराराऊ, क्षेत्राधिकारी (CO) सिकंदराराऊ, आबकारी निरीक्षक और न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के लिपिक अरुण प्रताप सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार किया गया दफन
थाना परिसर के पास ही चिन्हित स्थान पर गहरा गड्ढा खुदवाकर शराब की बोतलों और पाउच को खाली किया गया। इसके पश्चात गड्ढे को मिट्टी से दबाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई से थाना मालखाने में लंबित मुकदमों के माल के बोझ को कम करने में सफलता मिली है।















