
हाथरस 27 फरवरी । छात्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में जिले के अग्रणी शिक्षण संस्थान सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल द्वारा नर्सरी से के.जी. तक के विद्यार्थियों के लिए एक रोमांचक ‘डे-नाइट मनोरंजक कौशल शिविर’ एवं मनोरंजन कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य खेल-खेल में बच्चों के भीतर सामाजिक संपर्क, टीमवर्क और पारंपरिक मूल्यों को बढ़ावा देना था। कैंप के दौरान विभिन्न प्रकार के इंटरेक्टिव खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें ऊंट सवारी और कैंप फायर सत्र बच्चों के लिए विशेष आकर्षण रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से नन्हे विद्यार्थियों को आनंददायक वातावरण में आत्मविश्वास, बेहतर समन्वय और आपसी सौहार्द विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। कैंप फायर के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला व कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण पारंपरिक “पंगत भोज” था। इसमें बच्चों को दक्षिण भारतीय व्यंजनों का स्वाद परोसा गया। सामुदायिक भोजन के इस पारंपरिक तरीके से बच्चों ने न केवल सांस्कृतिक महत्ता को समझा, बल्कि भोजन के शिक्षाचार, कृतज्ञता और सामाजिक विनम्रता के मूल्यों को भी आत्मसात किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ घुल-मिलकर इस संध्या को यादगार बनाया।
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव गौरांग सेकसरिया, प्रधानाचार्य डॉ. जी. डी. पाटिल और वरिष्ठ विभाग की कॉर्डिनेटर कल्पना पाटिल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अभिभावकों ने विद्यालय के इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया। बाल वाटिका विभाग की प्रमुख नूतन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में आरती वार्ष्णेय, रितु जैन, पारुल अग्रवाल, बबीता कौशिक, निशा शर्मा, सुकन्या कश्यप, दीपक गुप्ता, कौशल अग्रवाल और तनु शर्मा का विशेष योगदान रहा।















