Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 फरवरी । सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षाएं आज जनपद के आठ निर्धारित केंद्रों पर पूरी शुचिता और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं। आज कक्षा 10वीं के लिए हेल्थकेयर और कक्षा 12वीं के लिए भूगोल विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने के लिए बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार कड़े प्रबंध किए गए थे।

सभी पंजीकृत छात्र रहे उपस्थित

सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. जगदीश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में परीक्षा के दौरान उपस्थिति शत-प्रतिशत रही। कक्षा 10वीं के हेल्थकेयर विषय में कुल 3 विद्यार्थी पंजीकृत थे और तीनों ही परीक्षा में शामिल हुए। यह परीक्षा विशेष रूप से केवल संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज में आयोजित की गई थी। वहीं, कक्षा 12वीं के भूगोल विषय में पंजीकृत सभी 75 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, कोई भी परीक्षार्थी अनुपस्थित नहीं रहा।

इन केंद्रों पर हुई परीक्षा

जनपद में परीक्षाओं का सफल संचालन बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, संत फ्रांसिस इंटर कॉलेज, राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर, दून पब्लिक स्कूल, द कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, आरपीएम पब्लिक स्कूल, ओएमबी इंटरनेशनल स्कूल तथा संत विवेकानंद पब्लिक स्कूल में किया गया। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की खासी भीड़ देखी गई।

प्रश्नपत्र ने दी राहत

परीक्षा केंद्र से बाहर निकले छात्रों के चेहरों पर खुशी और संतोष भाव नजर आया। भूगोल की परीक्षा देकर निकले छात्रों ने बताया कि प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत सरल और पाठ्यक्रम के अनुरूप था। समय प्रबंधन में भी छात्रों को विशेष कठिनाई नहीं हुई। शांतिपूर्ण और नकलविहीन परीक्षा संपन्न होने पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने भी संतोष व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page