
हाथरस 25 फरवरी । आगरा रोड स्थित ग्राम चंदपा में आज वनखंडी महादेव समिति के तत्वावधान में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वृंदावन से पधारे तनय कृष्ण महाराज ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमें हिंदू होने पर गर्व होना चाहिए और अपनी समृद्ध संस्कृति व परंपराओं का पूरे उत्साह के साथ पालन करना चाहिए। उन्होंने समाज को एकजुट रहने और संस्कारों को सहेजने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित विभाग सह शिक्षण प्रमुख अमरवीर ने वैचारिक विमर्श रखा, वहीं विशिष्ट अतिथियों में समाजसेविका प्रेमलता शर्मा, जेपीजीडी कॉलेज के प्राचार्य यादराम राघव और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा सहित क्षेत्र के तमाम वरिष्ठ जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चोब सिंह प्रधान ने की और सफल संचालन संयोजक दिव्य भारद्वाज के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस सम्मेलन में भारी संख्या में जुटे हिंदू समाज के लोगों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संकल्प लिया। मंच पर उपस्थित अतिथियों का समिति द्वारा भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया।














