
हाथरस 24 फरवरी । जनपद की सड़कों को सुरक्षित बनाने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में ‘जिला सड़क सुरक्षा समिति’ की समीक्षा बैठक की। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा की मौजूदगी में हुई इस बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विभाग आपसी तालमेल बढ़ाएं और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
ब्लैक स्पॉट्स का होगा कायाकल्प
जिलाधिकारी ने एनएचएआई (NHAI) और लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि हतीसा बाईपास जैसे दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर तत्काल हाई मास्क लाइटें, बैरियर और हाई रिफ्लेक्टिव पेंट का कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और स्पष्ट साइनेज (सांकेतिक बोर्ड) लगाने के कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
रोडवेज बसों के लिए सख्त निर्देश
यातायात जाम की समस्या पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने एआरएम रोडवेज को निर्देश दिए कि सभी बसें निर्धारित बस स्टैंड के भीतर ही खड़ी हों। सवारी उतारने और चढ़ाने का कार्य स्टैंड के अंदर ही सुनिश्चित किया जाए। बस स्टैंड के मुख्य द्वार पर अनावश्यक वाहन खड़े होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा ही सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने एनएचएआई और अन्य प्रभारी अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय सड़क पर समुचित प्रकाश व्यवस्था न होने से दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ता है, जिसे प्राथमिकता पर सुधारा जाए। बैठक में एआरटीओ (ARTO) और यातायात निरीक्षक को नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), समस्त एसडीएम, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।













