
हाथरस 24 फरवरी । प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी ने सूचित किया है कि जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा आगामी 28 फरवरी 2026 को सेठ फूल चन्द बागला (पी.जी.) कॉलेज, हाथरस में एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। प्रातः 10 बजे से शुरू होने वाले इस मेले में लगभग 15 विभिन्न कंपनियों द्वारा 350 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने के लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और आई.टी.आई. उत्तीर्ण ऐसे अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष के बीच हो। इच्छुक बेरोजगार युवाओं को मेले में सम्मिलित होने से पहले सेवायोजन पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पोर्टल पर ‘Jobseeker’ विकल्प में जाकर पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ ही अभ्यर्थी मेले में प्रवेश पा सकेंगे। साक्षात्कार हेतु आने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो और अपना बायोडाटा लाना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने जनपद के अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार मेले में उपस्थित होकर स्वावलंबन की ओर कदम बढ़ाने की अपील की है।















