
हाथरस 23 फरवरी । शासन के निर्देशानुसार चकबंदी आयुक्त उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशों के अनुपालन में जनपद हाथरस के चकबंदी प्रक्रियाधीन ग्रामों में किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु 23 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक विशेष जन चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मंजूलता ने जानकारी दी कि इन चौपालों में उप संचालक चकबंदी, बंदोबस्त अधिकारी और चकबंदी अधिकारियों द्वारा अलग-अलग तहसीलों के विभिन्न ग्रामों के पंचायत घरों पर उपस्थित रहकर कृषकों की शिकायतों को सुना जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार, उप संचालक चकबंदी (ADMJ) 23 फरवरी को तहसील सासनी के ग्राम अमरपुर घना और 26 फरवरी को तहसील हाथरस के ग्राम वाहनपुर में सायं 4:00 बजे जन चौपाल लगाएंगे। इसी क्रम में, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी द्वारा 24 फरवरी को ग्राम सिथरौली और 25 फरवरी को ग्राम नगला कांच में सायं 4:00 बजे समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
चकबंदी अधिकारी (अंतिम अभिलेख) द्वारा 23 फरवरी को ग्राम बाण अब्दुल हईपुर और 24 फरवरी को ग्राम बाड़ी में सायं 4:00 बजे चौपाल आयोजित होगी, जबकि चकबंदी अधिकारी सिकंदराराऊ द्वारा 24 फरवरी को ग्राम जाऊ इनायतपुर और 26 फरवरी को ग्राम बरसीली में दोपहर 3:00 बजे सार्वजनिक स्थानों पर ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा। शासन के कड़े निर्देशों के तहत प्रत्येक अधिकारी को इन चौपालों की कार्यवाही का विस्तृत कार्यवृत्त निदेशालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने संबंधित ग्रामों के सभी कृषकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर समय से पंचायत घर पहुंचकर अपनी चकबंदी संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराएं।















