
हाथरस 23 फरवरी । शहर के दून पब्लिक स्कूल के क्रिकेट मैदान पर आयोजित एक रोमांचक टी-20 मुकाबले में ‘दून प्रधानाचार्य एकादश’ ने सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज की ‘सेंट फ्रांसिस एकादश’ को 7 विकेट से पराजित कर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। विद्यालय के प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल के कुशल निर्देशन में आयोजित यह मैच केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा। मैदान पर दोनों विद्यालयों के स्टाफ और बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं के उत्साहवर्धक नारों ने पूरे वातावरण को ऊर्जा से भर दिया। मैच की शुरुआत में पहले बल्लेबाजी करते हुए सेंट फ्रांसिस एकादश ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 219 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कार्तिक मुरुगन ने 60 और शंकुल सिंह ने 51 रनों की शानदार पारियां खेलकर मजबूत आधार प्रदान किया, जबकि निक्की शर्मा ने नाबाद 41 रनों का योगदान दिया। दून की ओर से गेंदबाजी में सोनू ने 2 विकेट लिए, जबकि मयंक और डॉ. आकाश गुप्ता ने एक-एक विकेट झटककर विपक्षी टीम की गति पर अंकुश लगाया। 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून प्रधानाचार्य एकादश ने आक्रामक शुरुआत की। प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल ने स्वयं ओपनर के रूप में मोर्चा संभाला और टीम को 108 रनों की ठोस शुरुआत दी। इसके बाद रोहित पौनिया ने मात्र 38 गेंदों पर 96 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि सोनू ने 22 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाकर मात्र 14 ओवरों में 223 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी।
मैच के उपरांत आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि और गणमान्य जनों की उपस्थिति में खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। सोनू को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ व सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, रोहित पौनिया को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और निक्की शर्मा को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक की ट्रॉफी प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यालय की स्पोर्ट्स सेक्रेट्री इतिशा अग्रवाल (कक्षा 11) को खेल के क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल और फादर प्रकाश डिसूजा (प्रिंसिपल, एसएफएस) की वर्षों पुरानी आत्मीय मित्रता और आपसी सहयोग की भावना की सभी ने सराहना की। फादर प्रकाश डिसूजा ने इस आयोजन को मित्रता का एक प्रेरक अध्याय बताया, वहीं प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल हमें टीमवर्क और निरंतर प्रयास की सीख देते हैं। उन्होंने भविष्य में दोनों विद्यालयों के बीच शैक्षणिक ‘कॉलेबोरेटिव प्रोजेक्ट्स’ और मैत्रीपूर्ण आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया। इस दौरान फादर जॉर्ज पॉल (मैनेजर, एसएफएस) भी मौजूद रहे। श्रृंखला का अगला मुकाबला अब सेंट फ्रांसिस स्कूल के मैदान पर आयोजित किया जाएगा।















