Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 फरवरी । शहर के सादाबाद गेट स्थित चूना वाला डंडा बाजार और चामड़ गेट क्षेत्र में व्याप्त गंदगी और जलभराव की समस्या ने उग्र रूप ले लिया। प्रशासनिक अनदेखी से नाराज क्षेत्रीय निवासियों और दुकानदारों ने सड़क पर तख्त, साइकिल और बांस की सीढ़ियां रखकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान शहर का यातायात बाधित रहा। दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ यह जाम दोपहर 3 बजे तक जारी रहा। इस विरोध प्रदर्शन के कारण सादाबाद गेट से चामड़ गेट तक जाम लग गया।  बिना बारिश दुकानों के सामने भरा रहता है गंदा पानी स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि बीते दो साल से हालात बदतर हैं। नालियां कूड़े से चोक हैं, जिससे बिना बारिश के भी दुकानों के सामने गंदा पानी भरा रहता है। इससे व्यापार पूरी तरह चौपट हो गया है क्योंकि ग्राहक दुकानों पर आने से कतराते हैं। मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी इसी गंदगी के बीच से गुजरना पड़ता है। लोगों का आरोप है कि आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल और स्थानीय प्रशासन से बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। अधिकारियों के आश्वासन पर खुला जाम हंगामे की सूचना मिलते ही नगर पालिका के ईओ रोहित सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए जल्द ही ड्रेनेज समस्या का समाधान कराने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग जाम खोलने को राजी हुए। प्रदर्शन में मुख्य रूप से शिवम अग्रवाल, मनीष गर्ग, पवन खंडेलवाल, अचिन अग्रवाल सहित दर्जनों व्यापारी और महिलाएं शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page