Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 22 फरवरी । सादाबाद में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। ईंटों से भरी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली डिवाइडर पर चढ़कर नगर पंचायत के बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। इस घटना के कारण सड़क पर ईंटें बिखर गईं और लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। यह घटना सादाबाद इंटर कॉलेज के सामने हुई। हाथरस से आगरा की ओर जा रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक संतुलन खो बैठा। तेज रफ्तार ट्रॉली डिवाइडर पर चढ़ते हुए उसे तोड़ती चली गई और आगे जाकर नगर पंचायत के विद्युत खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई, जिससे ईंटें सड़क पर दूर-दूर तक फैल गईं। हादसे के समय मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी थी, लेकिन गनीमत रही कि कोई राहगीर या अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को एक ओर से मोड़कर नियंत्रित किया। सड़क पर बिखरी ईंटों के कारण जाम जैसी स्थिति बन गई थी। पुलिस की निगरानी में करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क से ईंटें हटाई गईं। इसके लिए दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मंगाई गई, जिसमें बिखरी ईंटों को भरा गया। पलटी हुई ट्रॉली को भी सड़क के किनारे हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका। इस हादसे में नगर पंचायत के डिवाइडर और विद्युत खंभे को नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक सुरक्षित बच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page