
हाथरस 22 फरवरी । भारत स्काउट और गाइड हाथरस के तत्वावधान में रविवार, 22 फरवरी को डी.आर.बी. इंटर कॉलेज में ‘विश्व चिंतन दिवस’ अत्यंत गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वधर्म प्रार्थना एवं स्काउट गाइड प्रार्थना के साथ हुआ, जिसमें समाज में एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिला संगठन कमिश्नर (स्काउट) धीरेंद्र प्रताप सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के स्काउट्स और गाइड के साथ-साथ कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों ने भी सहभागिता की। समारोह को संबोधित करते हुए जिला संगठन कमिश्नर धीरेंद्र प्रताप सिंह ने विश्व चिंतन दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस दिवस की शुरुआत वर्ष 1926 में चौथे गर्ल गाइड और गर्ल स्काउट अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में हुई थी, जिसे बाद में 1999 में ‘विश्व चिंतन दिवस’ के रूप में संपूर्ण विश्व में घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें दुनिया भर के स्काउट-गाइड के बीच भाईचारे और वैश्विक सोच को बढ़ावा देने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में सभी उपस्थित जनों ने अपने जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने और सत्कर्मों के माध्यम से समाज व राष्ट्र को सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर ट्रेनिंग काउंसलर विमल कुमार, चंदू कुमार, नीरज, शिवम, हर्ष, गौरव और पुष्पेंद्र सहित कृषि विभाग से जयसिंह राजपूत, मनोज गौतम, मनीष जैन, कमलेश यादव, श्रीनिवास पचौरी और उद्यान विभाग से रविंद्र राजपूत आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।















